शुक्रवार, 9 दिसंबर 2022

हनुमानगढ़ : नवज्योति विकलांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान में आयोजित हुआ सम्मान समारोह

विशेष योग्यजन समाज के लिए उदाहरण बनें– पवन गोदारा

- विशेष योग्यजनो के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने के लिए आयोजित 



हनुमानगढ़ । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से गुरुवार को जंक्शन स्थित नवज्योति विकलांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान में दिव्यांग जनों के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों व संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि ओबीसी वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष (राज्यमंत्री) पवन गोदारा, विशिष्ठ अतिथि लायंस क्लब अध्यक्ष मोहित बलाडिया, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरीश मित्तल व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक विक्रम सिंह शेखावत ने की।

कार्यक्रम में विशेष योग्यजनों के लिए कार्य करने वाले हरबंश लाल, दिव्यांग व्याख्याता गोमती देवी, देपाल सिंह, नोहर से सुभाष, पैरालिंपिक खिलाड़ी पूनम को प्रशस्ति पत्र और मुमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सम्मानित हुए प्रतिभागियों ने विशेष योग्यजनो के लिए किए गए कार्य की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओबीसी वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष पवन गोदारा ने कहा कि दिव्यांग जनों को ईश्वर ने विशेष योग्यता दी है। वे कार्य के जरिए समाज के लिए उदाहरण बने। साथ ही कहा कि विशेष योग्यजन खुद को कमजोर ना समझे। मन के हारे हार है और मन के जीते जीत। लिहाजा मानसिक रूप से मजबूत होते हुए समाज में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि विकलांगता एक चैलेंज है इस चैलेंज को स्वीकार करते हुए आप समाज में उदाहरण बने। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति संपूर्ण नहीं है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम सब मिलकर आपकी हौसला अफजाई के साथ ज्यादा से ज्यादा संसाधन मुहैया कराएं ताकि आप समाज की मुख्यधारा में आ सको।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरीश मित्तल ने दिव्यांग लोगों की सेवा में जुटे लोगों और संस्थाओं के कार्यों की जानकारी मिलने के बाद उन्हें सैल्यूट करते हुए कहा कि विशेष योग्यजनों के लिए जो व्यक्ति कार्य कर रहे हैं उनका कार्य वाकई सर्वश्रेष्ठ है। मित्तल ने एक दुर्घटना में विकलांग हुई अरुणिमा सिन्हा के एवरेस्ट फतह करने की कहानी सुना कर बताया कि किस तरह एक दिव्यांग हुई महिला ने मानसिक रूप से खुद को सुदृढ़ करते हुए जज्बे के साथ एवरेस्ट फतह किया।

लायंस क्लब के अध्यक्ष मोहित बलाडिया ने कहा कि दिव्यांगों के लिए बहुत से लोग अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। उनकी संस्था भी विशेष योग्यजनों के सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेश बिश्नोई ने दिव्यांग जनों के लिए राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार भी दिव्यांग लोगों  के कल्याण के लिए कटिबद्ध है।


कार्यक्रम में सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग की जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी अंकिता गर्ग, पीलीबंगा के विश्व भारती, सामाजिक न्याय अधिकारिता कार्यालय से विकास राजवंशी,फूसाराम, हीरालाल, नरेश, संजय, शिवचरण को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के आगे दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम में मंच संचालन नवज्योति विकलांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान के भीष्म कौशिक ने किया और आए हुए अतिथियों का आभार जताया।

Artikel Terkait

हनुमानगढ़ : नवज्योति विकलांग कल्याण एवं पुनर्वास संस्थान में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
4/ 5
Oleh

Berlangganan

Suka dengan artikel di atas? Silakan berlangganan gratis via email