Rajasthan लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Rajasthan लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 1 अप्रैल 2023

2008 के जयपुर सीरियल ब्लास्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी राज्य सरकार: मुख्यमंत्री


जयपुर। राज्य सरकार 2008 के जयपुर सीरियल ब्लास्ट मामले में बरी हुए आरोपियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के जिला न्यायालय के फैसले को पलटते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय ने सभी आरोपियों को बरी किया है। उन्होंने कहा कि  राज्य सरकार की मंशा है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, इसलिए हाईकोर्ट के फैसले के विरूद्ध राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय में शीघ्र ही विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दाखिल करेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में पैरवी हेतु नियुक्त अतिरिक्त महाधिवक्ता श्री राजेन्द्र यादव की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।


बैठक में मुख्य सचिव उषा शर्मा, प्रमुख शासन सचिव गृह आनंद कुमार, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा, एडीजी एसओजी-एटीएस अशोक राठौड़, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन, एडीजी इंटेलिजेंस एस. सेंगथिर, प्रमुख शासन सचिव विधि ज्ञान प्रकाश गुप्ता एवं सचिव गृह (विधि) रवि शर्मा  मौजूद थे।

मुख्यमंत्री दिव्यांग निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना के लाभार्थियों ने धन्यवाद रैली का आयोजन किया


अलवर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने शुक्रवार को अलवर जिले के शहीद स्मारक पर दिव्यांगजनो की ओर से आयोजित धन्यवाद रैली में दिव्यांगजनों के साथ स्कूटी पर बैठकर उनकी हौसला अफजाई की। परमार्थम् दिव्यांग एवं जनकल्याण संस्थान और दिव्यांग जन कल्याण संस्थान की ओर से मुख्यमंत्री दिव्यांग निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना के लाभार्थियों की ओर से धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया।


मंत्री जूली ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओें का राज्य में बेहतरीन क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार पुनः अप्रेल के प्रथम सप्ताह से मुख्यमंत्री दिव्यांग निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना से संबंधित पोर्टल को शुरू करना प्रस्तावित है, इसलिए अधिकाधिक जरूरतमंद इस योजना का लाभ उठाऎं। उन्होंने कहा कि मजबूत हौसलों से दिव्यांगजन अपनी नई राह स्वयं तय करें एवं मजबूत इरादों से अपना लक्ष्य हासिल करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मिलने वाले पेंशन अब 1000 रूपयें कर दी गई है व हर वर्ष पेंशन में स्वतः ही 15 प्रतिशत की वृद्वि होगी। दिव्यांगजनों, वृद्वजन, विशेष योग्यजनों  को राहत पंहुचाने हेतु सरकार की और से ऑनलाईन वार्षिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। जिससे योजनाओं का लाभ लेना और अधिक आसान हो सकेगा। धन्यवाद रैली में सैकडों की संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।


मंत्री जूली ने धन्यवाद कार्यक्रम में मौजूद स्कूटी लाभार्थियों को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने दिव्यांगजनों को साफा भी पहनाया एवं उनका हौसला बढ़ाया। परमार्थम् दिव्यांग एवं जनकल्याण संस्थान के उपाध्यक्ष भवानी शर्मा ने बताया कि अलवर में प्रथम चरण में 109 स्कूटी एवं 27 मार्च सोमवार को आयोजित द्वितीय चरण के कार्यक्रम में 263 निःशुल्क स्कूटी का वितरण किया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व में  2 हजार निःशुल्क स्कूटी, वर्तमान में 5 हजार निःशुल्क स्कूटी वितरित की है और आगे भी आगामी 4 माह में 5 हजार स्कूटी और वितरित करने का लक्ष्य रखा है।  उन्होंने कहा कि कुल 12 हजार स्कूटी की वजह से दिव्यांगजनों को अपने कार्यो को करने में आसानी होगी व उन्हें मजबूती मिलेगी।

शनिवार, 18 मार्च 2023

शिक्षक भर्ती परीक्षा की Answer Key जारी : 22 मार्च तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, अप्रैल में आएगा फाइनल रिजल्ट | Rajasthan REET Mains Answer Sheet देखने के लिए क्लिक करे |


राजस्थान के लाखों युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा (रीट मेन्स) की आंसर की जारी हो गई है। ऐसे भी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए किसी भी अभ्यर्थियों को अगर परीक्षा में आए किसी सवाल या फिर जवाब पर आपत्ति है तो वह 20 से 22 मार्च तक राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ऑफिशल वेबसाइट पर जाकर अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे। हालांकि इस दौरान प्रत्येक आपत्ति पर उम्मीदवार को 100 रुपए का शुल्क देना होगा।

उम्मीदवारों की आपत्ति के समाधान के बाद फाइनल आंसर की जारी की जाएगी। इसके बाद अप्रैल के आखिरी या फिर मई के पहले सप्ताह में शिक्षक भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसमें मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को पोस्टिंग दी जाएगी।

बता दें कि राजस्थान में 48 हजार पदों के लिए 11 जिलों में 25 फरवरी से 1 मार्च तक 9 पारियों में भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसके लिए 9 लाख 64 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस दौरान 25 फरवरी को पहली पारी में लेवल वन की परीक्षा आयोजित की गई थी। वहीं, इसके बाद 25 फरवरी को ही दूसरी पारी से 1 मार्च तक लेवल 2 के सब्जेक्ट के अनुसार भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी। 2940 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।


इन पदों पर होगी भर्ती

प्राइमरी स्कूल टीचर - 21,000 पद

टीचर लेवल - 2 (हिंदी) - 3176 पद

टीचर लेवल - 2 (पंजाबी) - 272 पद

टीचर लेवल - 2 (संस्कृत) - 1808 पद

टीचर लेवल - 2 (उर्दू) - 806 पद

टीचर लेवल - 2 (सोशल स्टडीज) - 4172 पद

टीचर लेवल - 2 (सिंधी) - 9 पद

टीचर लेवल - 2 (अंग्रेजी) - 8782 पद

टीचर लेवल - 2 (साइंस/मैथ) - 7435 पद

शिक्षक भर्ती परीक्षा में लेवल-1 में 2 लाख 12 हजार 342 अभ्यर्थियों में से 1 लाख 96 हजार 696 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। ऐसे में उपस्थिति 92.63 फीसदी रही। जबकि लेवल-2 में 7 लाख 53 हजार 23 अभ्यर्थियों में से 7 लाख 5 हजार 629 अभ्यर्थी शामिल हुए। लेवल-2 की अटेंडेंस 93.70 फीसदी रही।

लेवल-1- 92.63 फीसदी

लेवल-2, साइंस मैथ्स - 94.82

लेवल-2, सोशल स्टडीज - 91.31

लेवल-2, हिंदी- 95.88

लेवल-2, संस्कृत - 91.24

लेवल-2, इंग्लिश - 96.80

लेवल-2, उर्दू - 97.61 फीसदी

लेवल-2, पंजाबी - 93.14 फीसदी

लेवल-2, सिंधी - 63.10 फीसदी


ऐसे चेक करें, आपके कितने परसेंटेज बन रहे

आप आंसर की से अपने पेपर में टिक मार्क किए उत्तरों का मिलान कर चेक कर सकते हैं कि कितने प्रश्न सही हैं। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 नंबर मिलेंगे, वहीं एग्जाम में नेगेटिव मार्किंग है, ऐसे में गलत उत्तर का 1/3 अंक कटेगा भी। उदाहरण के तौर पर मान लीजिए 150 प्रश्न वाले एग्जाम में आपने 100 प्रश्न अटैम्प्ट (हल) किए। अगर आपके सारे उत्तर सही हैं तो आपको मिलेंगे 200 मार्क्स। 300 में से 200 नंबर के हिसाब से परसेंटेज बनेगा 66.66%। इसे निकालने का फॉर्मूला बहुत आसान है। सूत्र : (आपको मिले मार्क्स ⁄ कुल मान ) × 100 = परसेंटेज


Rajasthan REET Mains Answer Sheet लेवल 1 की Answer Key download 


शुक्रवार, 3 फ़रवरी 2023

मरु महोत्सव-2023 : मरु महोत्सव में लोक कला और संस्कृति का दिखा संगम, सोनार दुर्ग से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना


जयपुर। चार दिवसीय मरू महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे सोनार दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथ मन्दिर में महाआरती का आयोजन किया गया। विधायक रूपाराम धनदेव और जिला कलेक्टर टीना डाबी ने सोनार दुर्ग की अखे पोल से भव्य शोभायात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। शोभायात्रा में  लोक कला, संस्कृति और परंपराओं का संगम देखने को मिला। इस दौरान पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गोपाललाल स्वर्णकार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत जीनगर, राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजना मेघवाल, उपखण्ड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक कृष्ण कुमार, जनप्रतिनिधि,  अन्य अधिकारी सहित शहर के गणमान्य नागरिक एवं देशी-विदेशी सैलानी उपस्थित रहे।


मरू लोक संस्कृति से ओत-प्रोत रही शोभायात्रा


मरु महोत्सव में सोनार दुर्ग से पूनमसिंह स्टेडियम तक निकली गई  शोभायात्रा ने जैसलमेर के बाशिन्दों को ही नहीं  बल्कि देशी-विदेशी पर्यटकों को भी मरु लोक संस्कृति से रूबरू कराया। शोभायात्रा का नगर वासियों ने अपने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शहरवासियों ने महोत्सव को उत्सव के रूप में लिया और इसमे बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। शोभायात्रा की एक झलक पाने के लिए मार्ग के दोनों तरफ एवं घरों की छतों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा।



सीमा सुरक्षा बल के सजे-धजे ऊँट व उन पर बैठे बांके जवान आकर्षण का केन्द्र रहे

बीएसएफ के सजे-धजे ऊंट उन पर सवार बीएसएफ के जांबाज आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में केमल माउण्टेन बैंड वादकों का समूह, मंगल—कलश लिए बालिकाएं, लोक कलाकारों का कारवां दुर्ग से प्रारंभ हो कर शहर में मुख्य मार्ग से होती हुई शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंच कर शानदार समारोह में परिवर्तित हो गई। शोभायात्रा में सीमा सुरक्षा बल के उपसमादेष्टा श्री मनोहर सिंह शेखावत के नेतृत्व में सजे-धजे ऊँटों पर शाही पोषाक में अपने हाथों में भाले लिए हुए बांके जवान सर्वाधिक आकर्षण का केन्द्र रहे। देशी-विदेशी सैलानियों ने इस मनोरम दृश्य को अपने कैमरों में कैद कर लिया।

शोभायात्रा में श्रृंगारित ऊँटों पर सवार रौबीले मरु श्री एवं इस प्रतियोगिता के प्रतिभागी, पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित ऊँट एवं ऊँट गाड़ियों पर सवार मिस मूमल व महेन्दा के प्रतियोगी सहित विभिन्न झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। लोक कलाकारों के जत्थों ने रास्ते भर लोक नृत्यों और लोक वाद्यों से लय-ताल की धूम मचाते हुए मरु संस्कृति और राजस्थानी परंपराओं का दिग्दर्शन कराया। 




लोक कलाकारों ने मचाई लोक संस्कृति की धूम


शोभायात्रा में सबसे आगे बास्केटबॉल अकादमी के छात्र अपने हाथों में पर्यटन विभाग का लोगो सहित बैनर लिए हुए चल रहे थे। वहीं मस्कवादन कलाकारो ने मस्क के माध्यम से राजस्थानी लोक गीतों की मधुर स्वरियां पेश कर सभी को मोहित किया, यहीं नहीं इस पर कई महिला पर्यटकों ने उत्साह के साथ नृत्य भी किया। इसके साथ ही रंगी-बिरंगी पोशाकों में सजी-धजी बालिकाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थी, वहीं आंगीगैर द्वारा शानदार नृत्य पेश किया गया। इसके साथ ही लोक कलाकरों द्वारा कच्छी घोड़ी नृत्य पेश कर पूरे माहौल को संगीत से सरोबार कर दिया। मूमल-महिन्द्रा की झांकी भी ऊँट गाड़ी पर आकर्षण का केंद्र रही।


शहर में हुआ भव्य स्वागत


शहर की हृदय स्थली गोपा चौक से होती हुई यह यात्रा मुख्य बाजार, जिंदानी चौक, सदर बाजार, गांधी चौक, होते हुए हनुमान चौराहा से निकल कर शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंची। शहर वासियों ने कतारें लगाकर शोभायात्रा का लुत्फ उठाया वहीं पुष्पवर्षा कर विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का अभिनंदन एवं स्वागत के साथ ही हौसला अफजाई की। शोभायात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोक कलाकार अपने क्षेत्र की संस्कृति और नृत्य प्रस्तुत किया। 




विदेशी मेहमानों ने लिया बढ़-चढ़ कर हिस्सा, महोत्सव को देख हुए रोमांचित


कोरोना के बाद मरू महोत्सव में इस बार विदेशी पर्यटकों की अच्छी भागीदारी रही। शोभायात्रा में घरेलू पर्यटकों के साथ ही विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए। शोभायात्रा के सभी सुनहरे, मनोहारी दृश्यों को अपनी चिरस्थायी याद के लिए कैमरो में कैद किया।

बुधवार, 1 फ़रवरी 2023

आदिवासियों के महाकुंभ बेणेश्वर मेले का आगाज : महंत अच्युतानंद महाराज ने फहराई सप्तरंगी ध्वजा


डूंगरपुर में आदिवासियों का महाकुंभ कहे जाने वाले राष्ट्रीय बेणेश्वर मेले का बुधवार से आगाज हो गया है। बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज ने राधा-कृष्ण मंदिर पर सप्तरंगी ध्वजा फहराते हुए 10 दिवसीय मेले का आगाज किया। बेणेश्वर मेले में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वहीं टीएडी विभाग की ओर से विभिन्न खेलकूद व अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 5 फरवरी को मुख्य मेला भरेगा, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। डूंगरपुर जिले में सोम, माही और जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम स्थित बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज ने राधा कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सतरंगी ध्वजा की आम्रपल्लव के साथ पूजा की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और संत मावजी महाराज की वाणियों के साथ मंदिर पर ध्वजा फहराई। ध्वजारोहण के साथ ही बेणेश्वर मेले का आगाज हुआ और संत मावजी महाराज के जयकारे गूंज उठे। बेणेश्वर मेले को लेकर पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। साबला, वालाई और बेणेश्वर धाम की पुलिया पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रही।


सोम, माही और जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम में लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई। सालभर में परिवार में मृत लोगों की अस्थियों का त्रिवेणी संगम में विसर्जन कर तर्पण किया गया। धाम पर मंदिरों में दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही। राधा कृष्ण मंदिर, शिव मंदिर, ब्रह्माजी मंदिर और वाल्मिकी मंदिर में दर्शनों के बाद लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। मेले में 1 हजार से ज्यादा छोटी मोटी दुकानें लगी है, जिन पर श्रद्धालुओं ने खरीदारी की।


5 फरवरी को पालकी यात्रा और शाही स्नान रहेंगे आकर्षण

बेणेश्वर मेले में माघ पूर्णिमा के दिन 5 फरवरी को मुख्य मेला भरेगा। इसी दिन महंत अच्युतानंद महाराज की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। साबला हरी मंदिर से पालकी यात्रा 5 किमी दूर बेणेश्वर धाम पहुंचेगी। बेणेश्वर आबुदर्रघाट पर महंत अच्युतानंद महाराज के साथ हजारों माव भक्त शाही स्नान कर डुबकी लगाएंगे। शाही स्नान और पालकी यात्रा के दर्शनों के लिए बड़ी भीड़ लगेगी।

रविवार, 29 जनवरी 2023

डूंगरपुर : सांसद क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से, सागवाड़ा में सांसद कनकमल कटारा ने की पत्रकार वार्ता


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर। डूंगरपुर बांसवाड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद कनकमल कटारा ने रविवार को प्रेस वार्ता में सर्व समाज की सांसद क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 21 फरवरी तक आयोजित किए जाने की बात कही। कटारा ने कहा कि महिपाल विद्यालय खेल मैदान में होने वाली प्रतियोगिता में डूंगरपुर बांसवाड़ा जिले की करीब 80 टीमें भाग लेंगी। संगठन की दृष्टि से मंडल के पदाधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 11 हज़ार 11 रुपए व उपविजेता को 51000 रुपए नकद व प्रतीक चिन्ह प्रदान किया जाएगा। साथी बेस्ट प्लेयर सहित अन्य कई इनाम दिए जाएंगे। भाग लेने वाली टीमों को ट्रेक सूट व अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन को लेकर व्यापक रूप से तैयारिया की जा रही है। इस मौके पर प्रतियोगिता संयोजक शिवशंकर पाटीदार, सह संयोजक नयन कटारा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण सोनी, हेमंत दादा पाठक, अशोक पटेल, श्याम भट्ट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



गुरुवार, 26 जनवरी 2023

सागवाडा विधानसभा पत्रकार संघ का सर्वसम्मति से हुआ गठन, अध्यक्ष चंद्रेश व्यास, कोषाध्यक्ष मयंक शर्मा, सचिव मुकुल भूता और सह सचिव राकेश खींची को किया नियुक्त


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर | सागवाडा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अमरीश त्यागी और अखिलेश पंड्या की मौजूदगी में सागवाडा विधानसभा पत्रकार संघ का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति अध्यक्ष चंद्रेश व्यास को चुना गया। कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष मयंक शर्मा, सचिव मुकुल भूता और सह सचिव राकेश खींची को नियुक्त किया गया। 


कार्यक्रम में जिला स्तर पर सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश पण्ड्या और परवेश जैन का अभिनंदन किया गया। इसके अलावा सागवाडा उपखंड क्षेत्र पर सम्मानित हुए कुलदीप सिंह राठौड़ और गलियाकोट उपखंड क्षेत्र पर सम्मानित हुए रोशन कलाल का भी अभिनंदन किया गया। पूर्व में जिला स्तर पर सम्मानित हुए अमरीश त्यागी का भी अभिवादन किया गया।


 बैठक में जिला मुख्यालय से आए पत्रकार अखिलेश शर्मा, जयेश पंवार,  चिंतन जोशी और परवेज़ जैन का भी अभिनंदन किया गया। बैठक में विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य पत्रकारों को भी सम्मिलित किए जाने पर चर्चा कर निर्णय लिया गया। बैठक में ललित जैन, सुशील पंचाल, विनोद भट्ट, चंद्रेश कलाल, राजेश पटेल, जय रावल मौजूद रहे।



रविवार, 15 जनवरी 2023

ज़ील क्लब में अब डिस्क कैफ़े की शुरुआत | डिस्क कैफ़े की म्यूज़िकल और लाइट करेंगी रोमांचित


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर । ज़ील क्लब सागवाडा में अब वागड़वासी डिस्क कैफ़े का भी लुत्फ़ उठा सकेंगे। रविवार को ज़ील क्लब में कथा वाचक गिरि बापू ने डिस्क कैफ़े  का शुभारंभ किया। ज़ील ग्रुप के फ़ाउंडर दीनबंधु त्रिवेदी ने गिरी बापू का स्वागत कर कैफ़े के बारे में जानकारी दी। ज़ील क्लब के फ़र्स्ट फ़्लोर पर डिस्क कैफ़े की शुरूआत की गई है। ज़ील क्लब के मयूर मेहता ने बताया कि सागवाडा क्षेत्र में ऐसी कोई जगह नहीं थी जहाँ पर  बर्थडे, शादी की सालगिरह या ख़ुशी का कोई ऐसा अवसर एन्जॉय कर सके। इसीलिए क्लब में डिस्क कैफे का शुभारंभ किया गया है। डिस्क कैफे के संचालन को लेकर हम प्रोफ़ेशनल डीजे को भी बुला रहे रहे हैं।अगर आप अपने परिवार या दोस्तों के साथ ख़ुशी का कोई भी पल यादगार बनाने  की सोच रहे हैं तो अब ज़ील क्लब के डिस्क कैफें में पूरा किया जा सकता है।



 यहाँ म्यूजिक से लेकर डांस, चाय, काफ़ी ज्यूस सबकुछ अनोखा है। इस कैफे का इंटिरियर बिल्कूल रंगीन है। आप यहां पर अपने दोस्तों के साथ हाई म्यूजिक का लुत्फ उठा सकते हैं। साथ ही कुकी शेक, फ्रेश फ्रूट शेक, सैंडविच, पिज़्ज़ा,नाचोज, मोमोज, बरगर, कुकी शेक, क्रीम शेक और भी बहुत कुछ। ज़ील ग्रुप हमेशा से ही वागड़ को आगे बढ़ने में निरंतर प्रयास करता रहा हैं और आगे भी करता रहेगा | डिस्क कैफ़े केवल मनोरंजन के लिए ही नहीं हैं आज की युवा पीढ़ी को अपनी प्रतिभा को निखारने का मौका भी मिलेगा। ज़ील कैफ़े में आज ही 7230068836 संपर्क करें। इस मौके पर गायत्री शक्तिपीठ के भूपेंद्र पंड्या,  प्रकाश सोनी, राजाराम सेनी, सैयद, चंदन, सहित कई लोग मौजूद रहे।

बुधवार, 11 जनवरी 2023

अखिल राजस्थान रावणा राजपूत महासभा : गजेन्द्रसिंह मांडव को डूँगरपुर युवा जिला अध्यक्ष किया नियुक्त


The Hindi Post, Dungarpur । अखिल राजस्थान रावणा राजपूत महासभा डूँगरपुर - बांसवाडा के तत्वावधान में मेंतवाला क्रिकेट प्रतियोगिता में सम्मिलित डूँगरपुर रावणा राजपूत समाज के युवा व वरिष्ठ समाज बंधुओं की सहमति और प्रत्येक समाज बंधुओ से लिये गए फीडबैक के आधार पर प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चावड़ा की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र रावणा द्वारा गजेन्द्रसिंह मांडव को डूँगरपुर युवा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। गजेन्द्रसिंह बैंक कर्मचारी है साथ ही समाजिक कार्यों मे भी सक्रिय भागीदारी निभा रहे है। गजेन्द्रसिंह मांडव ने समाज को संगठित करने और टीएसपी क्षेत्र में ओबीसी आरक्षण की मांग को मजबूती देने की बात कही।



सोमवार, 9 जनवरी 2023

जयपुर : राजस्थान की योजनाओं की पूरे देश में चर्चा- मुख्यमंत्री

 

द हिंदी पोस्ट, जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में लागू जनकल्याणकारी योजनाएं आज पूरे देश में चर्चा का विषय है। बिजली, पानी से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा तक हर क्षेत्र में राज्य मॉडल स्टेट बन कर उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनहित में संचालित योजनाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। गहलोत सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आये जनप्रतिनिधियों और आमजन को संबोधित कर रहे थे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। उड़ान योजना के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को प्रतिमाह 12 सैनेटरी नैपकिन निःशुल्क दिए जा रहे हैं, जिससे उनका स्वास्थ्य प्रबंधन बेहतर हुआ है। इंदिरा रसोइयों में आमजन को 8 रुपए में पौष्टिक भोजन परोसा जा रहा है। राज्य सरकार प्रत्येक थाली पर 17 रुपए अनुदान दे रही है। राज्य में 211 नए कॉलेज खोले गए हैं, जिनमें 94 गर्ल्स कॉलेज भी शामिल हैं। विद्यालय में 500 बालिकाओं के नामांकन पर कॉलेज खोलने का निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया गया है। उन्होंने कहा कि गत सरकारों द्वारा देश में भोजन, रोजगार, शिक्षा आदि अधिकार कानून बनाकर आमजन को दिए गए हैं। इसी प्रकार केन्द्र सरकार को सामाजिक सुरक्षा का अधिकार कानून बनाकर देशवासियों को देना चाहिए। प्रदेश में राज्य सरकार एक करोड़ वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगों को सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत पेंशन दे रही है, ताकि उनको आर्थिक संबल मिल सके। मानवीय दृष्टिकोण से पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू की गई है। इससे सरकारी कार्मिकों में अपने भविष्य के प्रति सुरक्षा की भावना आई है। आरजीएचएस के माध्यम से राजकीय कार्मिकों का कैशलेस उपचार किया जा रहा है।




चिरंजीवी योजना से मिली आमजन को राहत-

गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से आमजन को महंगे इलाज की चिंता से मुक्ति मिली है। इस योजना के तहत प्रदेशवासियों के लिए 10 लाख तक का इलाज निःशुल्क कर दिया गया है। लीवर ट्रांसप्लांट, किडनी ट्रांसप्लांट, कोक्लियर इम्प्लांट जैसे अंग प्रत्यारोपण वाले उपचारों में 10 लाख की सीमा समाप्त कर दी गई है एवं पूरा खर्चा सरकार वहन कर रही है। आमजन के लिए आईपीडी-ओपीडी उपचार, सभी प्रकार की दवाइयां और महंगी जांचें निःशुल्क कर दी गई हैं। साथ ही, प्रदेशवासियों को 5 लाख का दुर्घटना बीमा भी दिया जा रहा है। 


इससे पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए प्रतिनिधिमण्डलों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और उचित समाधान का आश्वासन दिया। इनमें रैगर महासभा अध्यक्ष श्री बीएल नवल, इंटक प्रतिनिधि मण्डल, राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान, नवविकल्प संस्थान के हरीश भूटानी, माली समाज विकास संस्थान सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों से जुडे़ लोग शामिल थे। इस अवसर पर राजकीय कार्मिकों ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिन्दर सिंह रंधावा, आरटीडीसी चैयरमेन धर्मेन्द्र राठौड़, विधायक अनिल शर्मा, मनोज मेघवाल, विभिन्न जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

डूंगरपुर : गायत्री शक्तिपीठ में संजीवनी साधना शिविर में शिविरार्थीयो ने लिया तन शुद्धि,मन शुद्धि,आत्म शुद्धि का लाभ, शांतिकुंज हरिद्वार की छात्राओं ने कराया योगाभ्यास


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर पंचवटी रोड पर श्रीराम नगर में स्थित गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित संजीवनी साधना शिविर में देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार से दीक्षा करने वाली छात्राओ ने सोमवार सुबह को गायत्री शक्तिपीठ में यज्ञ और हवन आदि कराया। वही गायत्री शक्तिपीठ प्रांगण में साधना शिविर में शिविरार्थीयो को योगाभ्यास की जानकारी दी। शिविर प्रभारी हरिमुख भट्ट ने बताया कि देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज हरिद्वार की छात्राए जिसमे प्रिया शुक्ला और तनुशी पाठक द्वारा शक्तिपीठ में सुबह में यज्ञ और व्यायाम, प्राणायाम, ध्यान की जानकारी शिविरार्थियों को दी।


गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित तन शुद्धि, मन शुद्धि, आत्म शुद्धि शिविर प्रभारी भट्ट ने बताया कि शिविर में प्राकृतिक चिकित्सा,  योग, प्राकृतिक आहार, प्राकृतिक रसाहार के माध्यम से असाध्य रोगों का उपचार किया जाता है। डायबिटीज ( मधुमेह) को नियंत्रित किया जाता हैं, इसके साथ ही  हाईबीपी, दाद खाज, चर्मरोग, मोटापा, कब्ज, गैस, एसिडिटी, ब्लड प्रेशर, अनिंद्रा, तनाव इत्यादि का उपचार शिविर के माध्यम से किया जा रहा है। शिविर में भाग लेने वाले कई लोगों का मात्र 9 दिनों मे ही 3 से 10 किलो वजन कम हुआ है। 


शिविर में दैनिक कार्यक्रम के अनुसार सुबह जागरण 2:55 बजे जीवन कल्पतरू मेथी एवं गर्म पानी का सेवन के बाद भ्रमण, दैनिक कर्म करने के बाद 4:15 से 5:45 सामूहिक जप, ध्यान प्रार्थना होती हैं। जिसके बाद सुबह में 6:30 से 7:45 बजे तक यज्ञ चिकित्सा सामूहिक पंच कुंडी यज्ञ, 8 बजे काढ़ा, 8:45 से 10:45 योग, प्राणायाम, व्यायाम, ध्यान, आसन, मुद्राएं , प्रातः 11:00 से 11:15 तक जलनेति, नैतिक उद्बोधन की कक्षा के बाद 11:30 बजे प्राकृतिक अल्पाहार होता हैं। जिसके बाद दोपहर 3 बजे तक विश्राम, 3 से 4 तक सामूहिक जप  प्रार्थना, 4:15  भोजन प्रसाद विश्राम, शाम 5:30 से 6:30 सामूहिक जप, ध्यान प्रार्थना , सांय 6:30 से 7:00 सामुहिक स्वाध्याय रात्रि 8:30 बजे शयन कराया जाता है। शिविर में मोबाइल वर्जित रखा गया है।


शिविर के दौरान दैनिक क्रम का सख्ती से पालन करना होगा। शिविर के दौरान मोबाइल वर्जित रहेगा केवल विश्राम एवं रात्रि में इसका उपयोग किया जाएगा। मौसम के अनुकूल पहनने के कपड़े, पूजा, अर्चना, यज्ञ इत्यादि के लिए धोती/साड़ी पहनना अनिवार्य है। शिविरार्थियों को अपने साथ धोती, कुर्ता साथ लेकर आवे यह शिविर संपूर्ण रूप से आवासीय है अतः परिसर से बाहर निकलना वर्जित रहेगा।

डूंगरपुर : विराट शिव कथा को लेकर भूमि पूजन हुआ, 15 से 23 जनवरी को हड़माला में होगी शिव कथा


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर हड़माला के पास 15 से 23 जनवरी को अंतरराष्ट्रीय ख्यातनाम शिव कथा मर्मज्ञ गिरि बापू द्वारा होने वाली विराट शिव कथा को लेकर भूमि पूजन सोमवार को हुआ। दोपहर में देव संस्कृति विश्वविद्यालय की छात्राएं टोली नायक दीक्षा वरनवाल के निर्देशन में प्रिया शुक्ला तनुशा पाठक वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मुख्य यजमान विधायक गोपीचंद मीणा, पूर्व पालिका अध्यक्ष सत्यनारायण सोनी, बालकृष्ण पंड्या और पंकज व्यास हड़माला, रामद्वारा सेवा समिति के अध्यक्ष सुधीर वाड़ेल, अनिल वाड़ेल, नारायणलाल बनोत, ताजेंग पाटीदार, ईश्वरलाल पाटीदार हड़माला, पालिकाध्यक्ष नरेंद्र खोड़निया, ललीत पंचाल, दिनेश शर्मा, दीपक मेहता, लालशंकर पूर्व पार्षद दिलीप कोठारी, नरेंद्र भगत, जयंतीलाल सुथार, प्रदीप गामोठ ने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर कथा को लेकर भूमि पूजन किया। कार्यक्रम के दौरान यजमानो द्वारा गायत्री यज्ञ गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के साथ हवन कुंड में आहुतियां दी। इस अवसर पर धूलजी भाई पाटीदार, गणेश पाटीदार, मुकेश पाटीदार, नटवरलाल बारोट, रेवाशंकर सुथार, अशोक बारोट, नटवरलाल व्यास हड़माला, दीनबन्धु त्रिवेदी, विश्वनाथ पंड्या, तुलसीराम व्यास,गोरेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष लालजी भाई पाटीदार, दीपक मेहता,  वीरभद्र सिंह रामसोर, लालशंकर पाटीदार समेत कई लोग मौजूद थे।


गायत्री परिवार के जिला समन्वयक भूपेंद्र पंड्या ने बताया की पूज्य गिरी बापू की दूधेश्वर महादेव पर शिवकथा पूर्व प्रस्थावित् थी, जो कोविड के कारण स्थगित करनी पड़ी थी। जिसे पूज्य बापू द्वारा ध्यान में रखते हुए दूधेश्वर महादेव की कृपा से तत्काल कथा का समय देने पर यह आयोजन की जोर शोर से तैयारियों के साथ सर्व समाज के लोग लगे हुए है। पंड्या ने बताया कि विराट शिव कथा के मुख्य यजमान कमलेश सिंह राव इस विराट शिव कथा के मुख्य यजमान बने हैं। कई शिव भक्तों में इस विराट आयोजन को लेकर उत्साह बना हुआ है। शिवकथा स्थल पर भूमि पूजन की व्यवस्था देखने गायत्री परिवार के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी नारायण पंड्या, किशोर भट्ट, वेलचंद् पाटीदार, प्रवीण भट्ट, बालकृष्ण पंड्या, पंकज व्यास, धर्मेश पाटीदार, पंकज पाटीदार, कमलेश व्यास, डायालाल पाटीदार पाड़वा, लालशंकर पाटीदार, निलेश जोशी, दीपक जोशी, दीपक मेहता मौजूद रहे।

गुरुवार, 5 जनवरी 2023

जिला स्तरीय घोष वर्ग : 86 स्टूडेंट्स, 21 प्रभारी ले रहे भाग, सिखाई जा रही घोष की कई कलाएं


डूंगरपुर | आसपुर के विद्या निकेतन उच्च माध्यमिक स्कूल में जिला स्तरीय घोष वर्ग आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 4 जनवरी से शुरू हुआ जो कि 6 जनवरी तक आयोजित होगा। विद्या भारती संस्थान के निर्देशन में ये घोष वर्ग आयोजित किया जा रहा है। इसमें 86 स्टूडेंट्स और 21 प्रभारी भाग ले रहे है। जयंतीलाल प्रजापत ने बताया की घोष वर्ग में आसपुर, बिछीवाड़ा , चीखली, सागवाड़ा, डूंगरपुर संकुल के स्टूडेंट्स भाग ले रहें है। इस दौरान घोष की रचनाओं, राम लव कुश ध्वज प्रणाम का अभ्यास करवाया जा रहा है ।


ये सिखाया जा रहा घोष में

जिला घोष में सामग्री परिचय और दल अनुसार आनक संघ प्रणव, बंसी जांज, त्रिभुज, घोषका प्रथक प्रथक घटा के अनुसार अभ्यास करवाया गया। आनक रचना में लव कुश और किरण रचनाओं का अभ्यास, वादन करण करवाना सिखाया जाएगा। घोष दर्शन में अभिषेक रचना का सामूहिक प्रदर्शन का भी अभ्यास करवाया जाएगा। बंसी वादन में स्वर पाठ का अभ्यास समेत कई कलाएं सिखाई जाएगी।



बुधवार, 4 जनवरी 2023

सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने का विरोध, सागवाड़ा में बार एसोसिएशन, पार्श्व पद्मावती ट्रस्ट व अखिल भारतीय जैन एकता संगठन ने राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन


डूंगरपुर | सम्मेद शिखरजी को टूरिस्ट प्लेस बनाए जाने के नोटिफिकेशन जारी करने के बाद पूरे देश के जैन समाज द्वारा इसको लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। देश के साथ-साथ विरोध के स्वर राजस्थान के जनजाति क्षेत्र डूंगरपुर जिले में भी देखने को मिल रहे हैं। डूंगरपुर जिले में भी जैन समाज विभिन्न मुख्यालयों पर ज्ञापन देकर अपना विरोध दर्ज करवा रहा है। वहीं बुधवार को सागवाड़ा में अखिल भारतीय जैन एकता संगठन, सागवाड़ा, पार्श्व पद्मावती सेवा संस्था, सागवाड़ा , विश्व जैन संगठन, शाखा सागवाड़ा, बार एसोसिएशन, सागवाड़ा ने भी राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम सागवाड़ा उपखंड अधिकारी मणिलाल तीरगर को ज्ञापन सौंपकर नोटिफिकेशन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में बताया कि सम्मेद शिखर तीर्थ क्षेत्र जैन धर्म के 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों की निर्माण भूमि है। 

जैन समाज सहित विभिन्न समाजों का यह आस्था का केंद्र है और सरकार के नोटिफिकेशन के अनुसार इसको टूरिस्ट प्लेस का दर्जा दिया जाता है तो उसकी पवित्रता खत्म हो जाएगी। टूरिस्ट प्लेस होने के कारण यहां पर मांस मदिरा का भी सेवन किया जाएगा। जिसके चलते जैन समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत होगी। ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार नोटिफिकेशन को निरस्त कर इस पूरे क्षेत्र को पवित्र क्षेत्र घोषित किया जाए। वही इस अवसर पर पार्श्व पद्मावती सेवा संस्था अध्यक्ष विजय कुमार जैन, अखिल भारतीय जैन एकता संगठन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गांधी, बार एसोसिएशन सागवाड़ा के अध्यक्ष लाल शंकर पाटीदार, मुकेश गांधी, नरेंद्र गोवाडिया, कुसुम कांत देवडिया, नटवर लाल मुंशी, कांतिलाल सारगिया, आरएसएस नगर संचालक उमाकांत व्यास, एडवोकेट निमेष जैन, निलेश संघवी, हंसमुख शाह, नटवर लाल शाह, सोहनलाल पालविया, चंद्र शेखर शुक्ला, रजनीश जैन, दिनेश जाँगा, जयंतीलाल पंचोरी, विपिन मेहता, आशीष जैन, आजाद शाह, राकेश बुनकर, अजीत सिंह राव, प्रवीण मुंगेड, राहुल मुंगेड, वैभव जैन, कमल संघवी,भावेश गोवड़िया, बाबूलाल बोहरा, पवन बोहरा सहित कई समाज जन मौजूद रहे।

रविवार, 1 जनवरी 2023

सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने का विरोध : 7 जनवरी को डूंगरपुर बंद का ऐलान


डूंगरपुर। श्री जैन नवयुवक मंडल डूंगरपुर की ओर से जैन तीर्थ सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने के विरोध में 7 जनवरी को डूंगरपुर जिला बंद रखा जाएगा। इस दौरान जिलेभर में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। वहीं, जैन समाज की ओर से शहर में धर्मसभा का आयोजन होगा और महारैली निकाली जाएगी।

डूंगरपुर शहर के प्रगति नगर जैन मंदिर में जैन मुनि उपाध्याय 108 दयाऋषि महाराज ने कहा की झारखंड स्थित सम्मेद शिखर 20 जैन तीर्थंकर की मोक्षस्थली एवं अनंत संतों का मोक्ष स्थल है। वहीं, सम्मेद शिखर का कण-कण जैन समाज के लिए पूजनीय है, लेकिन 2 अगस्त 2019 को तत्कालीन झारखंड सरकार की अनुशंसा पर केंद्रीय वन मंत्रालय द्वारा झारखंड के गिरिडीह जिले के मधुबन में स्थित सर्वोच्च जैन शाश्वत तीर्थ सम्मेद शिखर को वन्यजीव अभयारण्य का एक भाग मानते कर इको सेंसेटिव जोन के अंतर्गत पर्यावरण पर्यटन और अन्य गैर धार्मिक गतिविधियों की अनुमति दे दी गई।

उन्होंने बताया की सरकार द्वारा सम्मेद शिखर को पर्यटक स्थल घोषित किए जाने से वहां पर होटलों आदि का निर्माण होगा। जैन नवयुवक मंडल के अध्यक्ष दिलीप नागदा ने कहा की इससे सम्मेद शिखर जी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से वहां पर मांस-मदिरा का उपयोग शुरू हो जाएगा। पर्यटक गतिविधियों से जैन समाज की आस्था के स्थल सम्मेद शिखर के अपवित्र होने की संभावना को देखते हुए जैन समाज पिछले 3 साल से आंदोलन कर रहा है। केंद्र सरकार से इस फैसले को वापस लेने की मांग कर रहा है, लेकिन आज तक जैन समाज की मांग पर सुनवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा की सम्मेद शिखर को पर्यटन क्षेत्र के विरोध में श्रीजैन नवयुवक मंडल डूंगरपुर की ओर से 7 जनवरी को डूंगरपुर जिला बंद रखा जाएगा। जिलेभर में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। वहीं, जैन समाज की ओर से शहर में धर्मसभा का आयोजन होगा और महारैली निकाली जाएगी। वहीं, राष्ट्रपति और प्रधानमन्त्री और झारखण्ड मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। जैन समाज ने चैम्बर ऑफ कॉमर्स से बंद का समर्थन मांगा है।

डूंगरपुर | सागवाड़ा में गो कथा आज से, शहर में निकली भव्य कलश यात्रा, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का किया स्वागत


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर। सागवाड़ा के महिपाल खेल मैदान में श्री भागवत सत्संग समिति की ओर से श्री श्री उत्तम गोपाल कृष्ण गोशाला के सहयोगार्थ रविवार को सात दिवसीय दिव्य श्री गो कथा का आगाज़ हुआ। रविवार को श्री भागवत सत्संग समिति के तत्वाधान में बड़ा रामद्वारा के पास स्थित बिड़ला मन्दिर से कलश यात्रा में गो भक्त जगदीश गोपाल महाराज, साध्वी माही दीदी सहित क्षेत्र एवं अन्य स्थानों के साधु संतों के सान्निध्य में निकाली गई। 


कलश यात्रा में मुख्य यजमान बग्गी में सवार होकर चल रहे थे एवं उसके आगे बैंड बाजे चल रहे थे। बैंड बाजों की धुन पर युवा जय श्री राम के नारों के साथ थिरक रहे थे। इस कलश यात्रा में महिला एवं पुरुष व बच्चे सम्मिलित हुए। कलश यात्रा का शहरवासियों द्वारा जगह जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। 

शनिवार, 31 दिसंबर 2022

डूंगरपुर : सागवाड़ा में सहस्त्र बड़ी औदीच्य ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय शपथ ग्रहण समारोह और खेलकूद प्रतियोगिता हुई


सागवाड़ा। सहस्त्र बड़ी औदीच्य ब्राह्मण समाज जिला कार्यकारिणी डूंगरपुर का शपथ ग्रहण समारोह और खेलकूद प्रतियोगिता का दो दिवसीय कार्यक्रम शुक्रवार को महाराणा प्रताप स्कूल में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष और समाज के वयोवृद्ध डायालाल उपाध्याय, अध्यक्षता  पूर्व विधायक बांसवाड़ा रमेश चंद्र पंड्या, विशिष्ट अतिथि शिक्षा प्रचार समिति के अध्यक्ष हेमेंद्र उपाध्याय, जयदेव शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष जमुना लाल भट्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष हितेश रावल, दस गांव संगठन अध्यक्ष जगदीश, बारह गांव कतिसोर चौखला अध्यक्ष, पूंजपुर लक्ष्मीकांत पंड्या, टामटिया चौखला हेमेंद्र भट्ट,  सरोदा चंद्रकांत शुक्ला, हेमंत दादा पाठक, महिला प्रतिनिधि दीपा भट्ट और माया पाठक थे।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान परशुराम की तस्वीर पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महेश पाठक और जिला महामंत्री विद्या शंकर पाठक, युवा संगठन कोर कमेटी के मुकेश पंड्या और सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। जिलाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। जिले के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि द्वारा शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान वॉलीबॉल और बैडमिंटन के मैच हुए।  संचालन अखिलेश पंड्या ने किया और आभार मोहन लाल पंड्या टामटिया ने जताया।




इस अवसर पर जगदीश मेहता सरोदा, हरीश पंड्या, गजेंद्र रावल पूंजपुर, शैलेंद्र रावल पुनाली उमेश रावल डूंगरपुर एडवोकेट विपिन शर्मा गोवाडी, हेमेंद्र पंड्या और दिनेश पंड्या टामटिया, सुभाष दवे, पंकज पंड्या, अनुराग पाठक, उमाकांत व्यास सागवाड़ा, मीडिया प्रभारी विनोद भट्ट, योगेश पंड्या, दिलीप दवे, महेश शुक्ला सरोदा, गजेंद्र जोशी, कृष्णा शुक्ला, आशा पाठक समेत समाजजन मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने जरूरतमंद लोगों को बांटे कम्बल


जयपुर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने नववर्ष के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर जरूरतमंद लोगों को कम्बल वितरित किये। गहलोत ने मुख्यमंत्री निवास पर आए जरूरतमंद लोगों से आत्मीयता से बात की और उनके हालचाल पूछे। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से मिल रहे लाभों के बारे में जानकारी ली। सभी लोगों ने मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजनामहात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल आदि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर संतोष जताया और गहलोत को धन्यवाद ज्ञापित किया।


मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राज्य सरकार की ओर से महात्मा गांधी नरेगा योजना में 25 दिनों का अतिरिक्त रोजगार दिया जा रहा है। वहीं शहरी क्षेत्र के बेरोजगारों के लिए इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना चलाई जा रही है। महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए उड़ान योजना के तहत हर महीने 12 सेनेटरी नेपकिन निःशुल्क दिये जा रहे हैं। वंचित तबके के विद्यार्थियों को अंग्रेजी में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा निःशुल्क देने के लिए महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैंताकि वे अपना भविष्य संवार सकें। 


कोरोना काल में राज्य सरकार द्वारा 35 लाख अतिनिर्धन लोगों को चिन्हित कर 5500 रुपये सीधे उनके खाते में जमा करवाए गएताकि वे अपना गुजारा कर सकें। कोई भूखा ना सोए के संकल्प के साथ विभिन्न संस्थाओं और दानदाताओं के साथ मिलकर गरीबों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार बाबूलाल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब को गणेश मानकर उनके कल्याण हेतु योजनाएं संचालित कर रही है।

शुक्रवार, 30 दिसंबर 2022

पेपरलीक मास्टरमाइंड का दावा - RAS पेपर भी दिला सकता हूं : 3 महिला अभ्यर्थियों के पति ने और 4 के पेरेंट्स ने किया पेपर का सौदा


राजस्थान में सीनियर टीचर भर्ती पेपरलीक मामले में फरार चल रहा भूपेंद्र सारण पहले भी पेपर लीक मामले में शामिल रहा चुका है। पुलिस सूत्रों की मानें तो सारण लगभग हर सरकारी एग्जाम के पेपर लीक करने का दावा करता था। उदयपुर में पकड़े गए हेडमास्टर सुरेश विश्नोई से पुलिस पूछताछ में ये बातें सामने आई हैं। भूपेंद्र सारण सुरेश विश्नोई से कहता था- 'तुम्हें जो पेपर चाहिए, मेरे से ले लेना। उसने RAS का पेपर तक दिलवाने का भी दावा किया।' फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि कहीं भूपेंद्र सारण सुरेश विश्नोई को बरगला तो नहीं रहा था। सीनियर टीचर भर्ती पेपर भी एग्जाम से पहले उसने ही सुरेश को उपलब्ध कराया था। इसको लेकर दोनों के बीच करोड़ों रुपए की डील होने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस पूछताछ में सुरेश विश्नोई ने एग्जाम से पहले पेपर 5 से 10 लाख रुपए में अभ्यर्थियों को बेचने की बात कबूल की थी। भूपेंद्र सारण साल 2011 में जीएनएम भर्ती पेपर आउट प्रकरण और वर्ष 2022 में पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में भी शामिल था। जेल भी जा चुका हे। पुलिस सुरेश विश्नोई से सख्ती से पूछताछ कर रही है। एक दिन पहले पुलिस ने जयपुर से भूपेंद्र सारण की गर्लफ्रेंड और पत्नी को गिरफ्तार किया था।

अभ्यर्थियों के रिश्तेदार-अभिभावक भी सौदे में शामिल, एक का पिता गिरफ्तार

अभ्यर्थियों को एग्जाम से पहले पेपर दिलाने के सौदे में उनके रिश्तेदारों और अभिभावकों के भी नाम सामने आ रहे हैं। उदयपुर की हिरण मगरी पुलिस ने लीक पेपर सॉल्व करवाते पकड़ी सांचौर निवासी सरोज के पिता सुखाराम और ड्राइवर ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है। सुखराम भी ग्रेड सेकेंड टीचर हैं। पत्नी के नाम से प्राइवेट स्कूल भी चलाता है। उसने बेटी को पास कराने के लिए सुरेश विश्नोई से डील की थी।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में तीन महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि उनके लिए पति ने पेपर का सौदा किया। बाकी अन्य 4 महिला अभ्यर्थियों ने बताया कि उनके लिए उनके माता-पिता ने पेपर खरीदा था। अब पुलिस उन्हें भी आरोपी बनाएगी।

नहीं पकड़े जाते तो पेपर से करते करोड़ों रुपए की कमाई

पुलिस ने अभी तक कुल 55 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 45 अभ्यर्थी वे हैं, जिन्हें एग्जाम से पहले पेपर मिला। 6 डमी अभ्यर्थी हैं। अगर ये सभी पकड़े नहीं जाते तो प्रत्येक से पेपर के नाम पर 5 से 10 लाख रुपए लिए जाते। यह रकम करीब 5 करोड़ रुपए से ज्यादा होती। ये आंकड़ा तो सिर्फ 24 दिसंबर को पकड़े गए अभ्यर्थियों का है। गोगुंदा टोल नाके पर सीसीटीवी फुटेज देखें तो यही बस 21 से 23 दिसंबर तक भी उदयपुर आई थी। ऐसे में उसमें भी इतने ही अभ्यर्थियों के पेपर लीक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आगे जांच में इसकी सही पुष्टि होती है तो पेपर लीक यह सौदा 15 से 20 करोड़ रुपए तक होने की आशंका है।

16 अभ्यर्थियों की कोर्ट में हुई पेशी, रिमांड अवधि बढ़ाई

पेपर लीक मामले में अभी तक गिरफ्तार 55 में से 10 आरोपियों सहित 6 महिला अभ्यर्थियों की रिमांड अवधि समाप्त होने पर बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। 6 महिलाओं की रिमांड को दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया। वहीं, सुखेर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार 10 आरोपियों के रिमांड की अवधि को 5 दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। पूर्व में इन्हें 25 दिसम्बर को कोर्ट के सामने पेश किया गया था। तब चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था। वहीं, महिला अभ्यर्थियों को पूर्व में कोर्ट के समक्ष पेश किया था, जहां से उनकी रिमांड अवधि को पहले भी दो दिन के लिए बढ़ा दिया गया था। अब इन्हें आज फिर से ​कोर्ट में पेश किया जाएगा।