Rajasthan लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Rajasthan लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 1 अप्रैल 2023

2008 के जयपुर सीरियल ब्लास्ट मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपील करेगी राज्य सरकार: मुख्यमंत्री


जयपुर। राज्य सरकार 2008 के जयपुर सीरियल ब्लास्ट मामले में बरी हुए आरोपियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 के जिला न्यायालय के फैसले को पलटते हुए राजस्थान उच्च न्यायालय ने सभी आरोपियों को बरी किया है। उन्होंने कहा कि  राज्य सरकार की मंशा है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, इसलिए हाईकोर्ट के फैसले के विरूद्ध राज्य सरकार उच्चतम न्यायालय में शीघ्र ही विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दाखिल करेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में पैरवी हेतु नियुक्त अतिरिक्त महाधिवक्ता श्री राजेन्द्र यादव की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।


बैठक में मुख्य सचिव उषा शर्मा, प्रमुख शासन सचिव गृह आनंद कुमार, पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा, एडीजी एसओजी-एटीएस अशोक राठौड़, एडीजी क्राइम दिनेश एमएन, एडीजी इंटेलिजेंस एस. सेंगथिर, प्रमुख शासन सचिव विधि ज्ञान प्रकाश गुप्ता एवं सचिव गृह (विधि) रवि शर्मा  मौजूद थे।

मुख्यमंत्री दिव्यांग निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना के लाभार्थियों ने धन्यवाद रैली का आयोजन किया


अलवर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने शुक्रवार को अलवर जिले के शहीद स्मारक पर दिव्यांगजनो की ओर से आयोजित धन्यवाद रैली में दिव्यांगजनों के साथ स्कूटी पर बैठकर उनकी हौसला अफजाई की। परमार्थम् दिव्यांग एवं जनकल्याण संस्थान और दिव्यांग जन कल्याण संस्थान की ओर से मुख्यमंत्री दिव्यांग निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना के लाभार्थियों की ओर से धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया।


मंत्री जूली ने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओें का राज्य में बेहतरीन क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार पुनः अप्रेल के प्रथम सप्ताह से मुख्यमंत्री दिव्यांग निःशुल्क स्कूटी वितरण योजना से संबंधित पोर्टल को शुरू करना प्रस्तावित है, इसलिए अधिकाधिक जरूरतमंद इस योजना का लाभ उठाऎं। उन्होंने कहा कि मजबूत हौसलों से दिव्यांगजन अपनी नई राह स्वयं तय करें एवं मजबूत इरादों से अपना लक्ष्य हासिल करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मिलने वाले पेंशन अब 1000 रूपयें कर दी गई है व हर वर्ष पेंशन में स्वतः ही 15 प्रतिशत की वृद्वि होगी। दिव्यांगजनों, वृद्वजन, विशेष योग्यजनों  को राहत पंहुचाने हेतु सरकार की और से ऑनलाईन वार्षिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। जिससे योजनाओं का लाभ लेना और अधिक आसान हो सकेगा। धन्यवाद रैली में सैकडों की संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।


मंत्री जूली ने धन्यवाद कार्यक्रम में मौजूद स्कूटी लाभार्थियों को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर बधाई दी। उन्होंने दिव्यांगजनों को साफा भी पहनाया एवं उनका हौसला बढ़ाया। परमार्थम् दिव्यांग एवं जनकल्याण संस्थान के उपाध्यक्ष भवानी शर्मा ने बताया कि अलवर में प्रथम चरण में 109 स्कूटी एवं 27 मार्च सोमवार को आयोजित द्वितीय चरण के कार्यक्रम में 263 निःशुल्क स्कूटी का वितरण किया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व में  2 हजार निःशुल्क स्कूटी, वर्तमान में 5 हजार निःशुल्क स्कूटी वितरित की है और आगे भी आगामी 4 माह में 5 हजार स्कूटी और वितरित करने का लक्ष्य रखा है।  उन्होंने कहा कि कुल 12 हजार स्कूटी की वजह से दिव्यांगजनों को अपने कार्यो को करने में आसानी होगी व उन्हें मजबूती मिलेगी।

शनिवार, 18 मार्च 2023

शिक्षक भर्ती परीक्षा की Answer Key जारी : 22 मार्च तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति, अप्रैल में आएगा फाइनल रिजल्ट | Rajasthan REET Mains Answer Sheet देखने के लिए क्लिक करे |


राजस्थान के लाखों युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा (रीट मेन्स) की आंसर की जारी हो गई है। ऐसे भी भर्ती परीक्षा में शामिल हुए किसी भी अभ्यर्थियों को अगर परीक्षा में आए किसी सवाल या फिर जवाब पर आपत्ति है तो वह 20 से 22 मार्च तक राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ऑफिशल वेबसाइट पर जाकर अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकेंगे। हालांकि इस दौरान प्रत्येक आपत्ति पर उम्मीदवार को 100 रुपए का शुल्क देना होगा।

उम्मीदवारों की आपत्ति के समाधान के बाद फाइनल आंसर की जारी की जाएगी। इसके बाद अप्रैल के आखिरी या फिर मई के पहले सप्ताह में शिक्षक भर्ती परीक्षा का फाइनल रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसमें मेरिट के आधार पर उम्मीदवारों को पोस्टिंग दी जाएगी।

बता दें कि राजस्थान में 48 हजार पदों के लिए 11 जिलों में 25 फरवरी से 1 मार्च तक 9 पारियों में भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसके लिए 9 लाख 64 हजार अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इस दौरान 25 फरवरी को पहली पारी में लेवल वन की परीक्षा आयोजित की गई थी। वहीं, इसके बाद 25 फरवरी को ही दूसरी पारी से 1 मार्च तक लेवल 2 के सब्जेक्ट के अनुसार भर्ती परीक्षा आयोजित हुई थी। 2940 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।


इन पदों पर होगी भर्ती

प्राइमरी स्कूल टीचर - 21,000 पद

टीचर लेवल - 2 (हिंदी) - 3176 पद

टीचर लेवल - 2 (पंजाबी) - 272 पद

टीचर लेवल - 2 (संस्कृत) - 1808 पद

टीचर लेवल - 2 (उर्दू) - 806 पद

टीचर लेवल - 2 (सोशल स्टडीज) - 4172 पद

टीचर लेवल - 2 (सिंधी) - 9 पद

टीचर लेवल - 2 (अंग्रेजी) - 8782 पद

टीचर लेवल - 2 (साइंस/मैथ) - 7435 पद

शिक्षक भर्ती परीक्षा में लेवल-1 में 2 लाख 12 हजार 342 अभ्यर्थियों में से 1 लाख 96 हजार 696 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। ऐसे में उपस्थिति 92.63 फीसदी रही। जबकि लेवल-2 में 7 लाख 53 हजार 23 अभ्यर्थियों में से 7 लाख 5 हजार 629 अभ्यर्थी शामिल हुए। लेवल-2 की अटेंडेंस 93.70 फीसदी रही।

लेवल-1- 92.63 फीसदी

लेवल-2, साइंस मैथ्स - 94.82

लेवल-2, सोशल स्टडीज - 91.31

लेवल-2, हिंदी- 95.88

लेवल-2, संस्कृत - 91.24

लेवल-2, इंग्लिश - 96.80

लेवल-2, उर्दू - 97.61 फीसदी

लेवल-2, पंजाबी - 93.14 फीसदी

लेवल-2, सिंधी - 63.10 फीसदी


ऐसे चेक करें, आपके कितने परसेंटेज बन रहे

आप आंसर की से अपने पेपर में टिक मार्क किए उत्तरों का मिलान कर चेक कर सकते हैं कि कितने प्रश्न सही हैं। प्रत्येक सही उत्तर पर 2 नंबर मिलेंगे, वहीं एग्जाम में नेगेटिव मार्किंग है, ऐसे में गलत उत्तर का 1/3 अंक कटेगा भी। उदाहरण के तौर पर मान लीजिए 150 प्रश्न वाले एग्जाम में आपने 100 प्रश्न अटैम्प्ट (हल) किए। अगर आपके सारे उत्तर सही हैं तो आपको मिलेंगे 200 मार्क्स। 300 में से 200 नंबर के हिसाब से परसेंटेज बनेगा 66.66%। इसे निकालने का फॉर्मूला बहुत आसान है। सूत्र : (आपको मिले मार्क्स ⁄ कुल मान ) × 100 = परसेंटेज


Rajasthan REET Mains Answer Sheet लेवल 1 की Answer Key download 


शुक्रवार, 3 फ़रवरी 2023

मरु महोत्सव-2023 : मरु महोत्सव में लोक कला और संस्कृति का दिखा संगम, सोनार दुर्ग से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना


जयपुर। चार दिवसीय मरू महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह 8:30 बजे सोनार दुर्ग स्थित लक्ष्मीनाथ मन्दिर में महाआरती का आयोजन किया गया। विधायक रूपाराम धनदेव और जिला कलेक्टर टीना डाबी ने सोनार दुर्ग की अखे पोल से भव्य शोभायात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। शोभायात्रा में  लोक कला, संस्कृति और परंपराओं का संगम देखने को मिला। इस दौरान पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गोपाललाल स्वर्णकार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमृत जीनगर, राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजना मेघवाल, उपखण्ड अधिकारी जगदीश सिंह आशिया, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक कृष्ण कुमार, जनप्रतिनिधि,  अन्य अधिकारी सहित शहर के गणमान्य नागरिक एवं देशी-विदेशी सैलानी उपस्थित रहे।


मरू लोक संस्कृति से ओत-प्रोत रही शोभायात्रा


मरु महोत्सव में सोनार दुर्ग से पूनमसिंह स्टेडियम तक निकली गई  शोभायात्रा ने जैसलमेर के बाशिन्दों को ही नहीं  बल्कि देशी-विदेशी पर्यटकों को भी मरु लोक संस्कृति से रूबरू कराया। शोभायात्रा का नगर वासियों ने अपने घरों की छतों से पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शहरवासियों ने महोत्सव को उत्सव के रूप में लिया और इसमे बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। शोभायात्रा की एक झलक पाने के लिए मार्ग के दोनों तरफ एवं घरों की छतों पर जन सैलाब उमड़ पड़ा।



सीमा सुरक्षा बल के सजे-धजे ऊँट व उन पर बैठे बांके जवान आकर्षण का केन्द्र रहे

बीएसएफ के सजे-धजे ऊंट उन पर सवार बीएसएफ के जांबाज आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में केमल माउण्टेन बैंड वादकों का समूह, मंगल—कलश लिए बालिकाएं, लोक कलाकारों का कारवां दुर्ग से प्रारंभ हो कर शहर में मुख्य मार्ग से होती हुई शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंच कर शानदार समारोह में परिवर्तित हो गई। शोभायात्रा में सीमा सुरक्षा बल के उपसमादेष्टा श्री मनोहर सिंह शेखावत के नेतृत्व में सजे-धजे ऊँटों पर शाही पोषाक में अपने हाथों में भाले लिए हुए बांके जवान सर्वाधिक आकर्षण का केन्द्र रहे। देशी-विदेशी सैलानियों ने इस मनोरम दृश्य को अपने कैमरों में कैद कर लिया।

शोभायात्रा में श्रृंगारित ऊँटों पर सवार रौबीले मरु श्री एवं इस प्रतियोगिता के प्रतिभागी, पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित ऊँट एवं ऊँट गाड़ियों पर सवार मिस मूमल व महेन्दा के प्रतियोगी सहित विभिन्न झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। लोक कलाकारों के जत्थों ने रास्ते भर लोक नृत्यों और लोक वाद्यों से लय-ताल की धूम मचाते हुए मरु संस्कृति और राजस्थानी परंपराओं का दिग्दर्शन कराया। 




लोक कलाकारों ने मचाई लोक संस्कृति की धूम


शोभायात्रा में सबसे आगे बास्केटबॉल अकादमी के छात्र अपने हाथों में पर्यटन विभाग का लोगो सहित बैनर लिए हुए चल रहे थे। वहीं मस्कवादन कलाकारो ने मस्क के माध्यम से राजस्थानी लोक गीतों की मधुर स्वरियां पेश कर सभी को मोहित किया, यहीं नहीं इस पर कई महिला पर्यटकों ने उत्साह के साथ नृत्य भी किया। इसके साथ ही रंगी-बिरंगी पोशाकों में सजी-धजी बालिकाएं अपने सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थी, वहीं आंगीगैर द्वारा शानदार नृत्य पेश किया गया। इसके साथ ही लोक कलाकरों द्वारा कच्छी घोड़ी नृत्य पेश कर पूरे माहौल को संगीत से सरोबार कर दिया। मूमल-महिन्द्रा की झांकी भी ऊँट गाड़ी पर आकर्षण का केंद्र रही।


शहर में हुआ भव्य स्वागत


शहर की हृदय स्थली गोपा चौक से होती हुई यह यात्रा मुख्य बाजार, जिंदानी चौक, सदर बाजार, गांधी चौक, होते हुए हनुमान चौराहा से निकल कर शहीद पूनमसिंह स्टेडियम पहुंची। शहर वासियों ने कतारें लगाकर शोभायात्रा का लुत्फ उठाया वहीं पुष्पवर्षा कर विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का अभिनंदन एवं स्वागत के साथ ही हौसला अफजाई की। शोभायात्रा में देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोक कलाकार अपने क्षेत्र की संस्कृति और नृत्य प्रस्तुत किया। 




विदेशी मेहमानों ने लिया बढ़-चढ़ कर हिस्सा, महोत्सव को देख हुए रोमांचित


कोरोना के बाद मरू महोत्सव में इस बार विदेशी पर्यटकों की अच्छी भागीदारी रही। शोभायात्रा में घरेलू पर्यटकों के साथ ही विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए। शोभायात्रा के सभी सुनहरे, मनोहारी दृश्यों को अपनी चिरस्थायी याद के लिए कैमरो में कैद किया।

बुधवार, 1 फ़रवरी 2023

आदिवासियों के महाकुंभ बेणेश्वर मेले का आगाज : महंत अच्युतानंद महाराज ने फहराई सप्तरंगी ध्वजा


डूंगरपुर में आदिवासियों का महाकुंभ कहे जाने वाले राष्ट्रीय बेणेश्वर मेले का बुधवार से आगाज हो गया है। बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज ने राधा-कृष्ण मंदिर पर सप्तरंगी ध्वजा फहराते हुए 10 दिवसीय मेले का आगाज किया। बेणेश्वर मेले में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वहीं टीएडी विभाग की ओर से विभिन्न खेलकूद व अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 5 फरवरी को मुख्य मेला भरेगा, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। डूंगरपुर जिले में सोम, माही और जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम स्थित बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज ने राधा कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सतरंगी ध्वजा की आम्रपल्लव के साथ पूजा की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और संत मावजी महाराज की वाणियों के साथ मंदिर पर ध्वजा फहराई। ध्वजारोहण के साथ ही बेणेश्वर मेले का आगाज हुआ और संत मावजी महाराज के जयकारे गूंज उठे। बेणेश्वर मेले को लेकर पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। साबला, वालाई और बेणेश्वर धाम की पुलिया पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ रही।


सोम, माही और जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम में लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई। सालभर में परिवार में मृत लोगों की अस्थियों का त्रिवेणी संगम में विसर्जन कर तर्पण किया गया। धाम पर मंदिरों में दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही। राधा कृष्ण मंदिर, शिव मंदिर, ब्रह्माजी मंदिर और वाल्मिकी मंदिर में दर्शनों के बाद लोगों ने मेले का लुत्फ उठाया। मेले में 1 हजार से ज्यादा छोटी मोटी दुकानें लगी है, जिन पर श्रद्धालुओं ने खरीदारी की।


5 फरवरी को पालकी यात्रा और शाही स्नान रहेंगे आकर्षण

बेणेश्वर मेले में माघ पूर्णिमा के दिन 5 फरवरी को मुख्य मेला भरेगा। इसी दिन महंत अच्युतानंद महाराज की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। साबला हरी मंदिर से पालकी यात्रा 5 किमी दूर बेणेश्वर धाम पहुंचेगी। बेणेश्वर आबुदर्रघाट पर महंत अच्युतानंद महाराज के साथ हजारों माव भक्त शाही स्नान कर डुबकी लगाएंगे। शाही स्नान और पालकी यात्रा के दर्शनों के लिए बड़ी भीड़ लगेगी।

रविवार, 29 जनवरी 2023

डूंगरपुर : सांसद क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से, सागवाड़ा में सांसद कनकमल कटारा ने की पत्रकार वार्ता


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर। डूंगरपुर बांसवाड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद कनकमल कटारा ने रविवार को प्रेस वार्ता में सर्व समाज की सांसद क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 21 फरवरी तक आयोजित किए जाने की बात कही। कटारा ने कहा कि महिपाल विद्यालय खेल मैदान में होने वाली प्रतियोगिता में डूंगरपुर बांसवाड़ा जिले की करीब 80 टीमें भाग लेंगी। संगठन की दृष्टि से मंडल के पदाधिकारियों को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख 11 हज़ार 11 रुपए व उपविजेता को 51000 रुपए नकद व प्रतीक चिन्ह प्रदान किया जाएगा। साथी बेस्ट प्लेयर सहित अन्य कई इनाम दिए जाएंगे। भाग लेने वाली टीमों को ट्रेक सूट व अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन को लेकर व्यापक रूप से तैयारिया की जा रही है। इस मौके पर प्रतियोगिता संयोजक शिवशंकर पाटीदार, सह संयोजक नयन कटारा, पूर्व पालिकाध्यक्ष सत्यनारायण सोनी, हेमंत दादा पाठक, अशोक पटेल, श्याम भट्ट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



गुरुवार, 26 जनवरी 2023

सागवाडा विधानसभा पत्रकार संघ का सर्वसम्मति से हुआ गठन, अध्यक्ष चंद्रेश व्यास, कोषाध्यक्ष मयंक शर्मा, सचिव मुकुल भूता और सह सचिव राकेश खींची को किया नियुक्त


द हिंदी पोस्ट, डूंगरपुर | सागवाडा विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार अमरीश त्यागी और अखिलेश पंड्या की मौजूदगी में सागवाडा विधानसभा पत्रकार संघ का गठन किया गया। जिसमें सर्वसम्मति अध्यक्ष चंद्रेश व्यास को चुना गया। कार्यकारिणी में कोषाध्यक्ष मयंक शर्मा, सचिव मुकुल भूता और सह सचिव राकेश खींची को नियुक्त किया गया। 


कार्यक्रम में जिला स्तर पर सम्मानित हुए वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश पण्ड्या और परवेश जैन का अभिनंदन किया गया। इसके अलावा सागवाडा उपखंड क्षेत्र पर सम्मानित हुए कुलदीप सिंह राठौड़ और गलियाकोट उपखंड क्षेत्र पर सम्मानित हुए रोशन कलाल का भी अभिनंदन किया गया। पूर्व में जिला स्तर पर सम्मानित हुए अमरीश त्यागी का भी अभिवादन किया गया।


 बैठक में जिला मुख्यालय से आए पत्रकार अखिलेश शर्मा, जयेश पंवार,  चिंतन जोशी और परवेज़ जैन का भी अभिनंदन किया गया। बैठक में विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य पत्रकारों को भी सम्मिलित किए जाने पर चर्चा कर निर्णय लिया गया। बैठक में ललित जैन, सुशील पंचाल, विनोद भट्ट, चंद्रेश कलाल, राजेश पटेल, जय रावल मौजूद रहे।